Breaking

अवैध शराब बिक्री और ओवररेटिंग के खिलाफ जोगी कांग्रेस का मोर्चा : एसएसपी को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग

छत्तीसगढ़ 11 September 2026 (18)

post

खैरागढ़। जिले में पांव पसार रहे अवैध शराब के कारोबार, कोचियागिरी और शराब दुकानों में हो रही ओवररेटिंग के खिलाफ जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने मोर्चा खोल दिया है। जोगी कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम और प्रदेश महासचिव नवीन अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) लक्ष्य शर्मा को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

एसएसपी को सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि खैरागढ़ जिले की शासकीय देशी व विदेशी मदिरा दुकानों से कथित तौर पर कोचियों को बड़ी मात्रा में शराब उपलब्ध कराई जा रही है। यही शराब बाद में ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से बेची जा रही है। इसके अलावा राजनांदगांव जिले से लगे सीमावर्ती इलाकों में भी कोचियागिरी अपने चरम पर है।

दुकान कर्मचारियों और अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग
जोगी कांग्रेस ने शराब दुकानों में तय दरों से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने (ओवररेटिंग) का गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी नेताओं ने मांग की है कि शराब दुकानों के कर्मचारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों की साठगांठ की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा लिप्त पाए जाने वाले कर्मियों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई हो।

अवैध कारोबार पर रोक लगाना प्रशासन की जिम्मेदारी : शमसुल
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब की आपूर्ति और ओवररेटिंग पर अंकुश लगाना पुलिस व आबकारी प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। वहीं प्रदेश महासचिव नवीन अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो जोगी कांग्रेस उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

ज्ञापन सौंपने में ये रहे शामिल
ज्ञापन सौंपने के दौरान शहर जिलाध्यक्ष बिलाल सोलिन खान, जिलामहासचिव ऋषभ रामटेके,विधानसभा अध्यक्ष नमन पटेल, अकलतरा विधानसभा अध्यक्ष अंकु पांडे, मनोज पटेल, ईश्वर देवांगन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


You might also like!


RAIPUR WEATHER