Breaking
- अवैध शराब बिक्री और ओवररेटिंग के खिलाफ जोगी कांग्रेस का मोर्चा : एसएसपी को सौ...
- गणेश उत्सव की धार्मिक मर्यादा व सनातन परंपरा बनाए रखें : सुनील सेन
- चिखली बस्ती और भनपुरी प्रखंड में मनाया गया विहिप स्थापना दिवस
- राजगामी संपदा न्यास में अनियमितता का आरोप, कलेक्टर से जांच की मांग
- हिंदी दिवस सप्ताह में नन्हें-मुन्नों से लेकर अभिभावकों ने दिखाई प्रतिभा
- बरसात में भी नहीं थमा बैल दौड़ का रोमांच, गंज लाइन में 90 साल पुरानी परंपरा कायम
- राजनांदगांव में एकमात्र शल्य पशु चिकित्सक के तबादले से आक्रोश, पशुपालकों व छा...
- नवोदय विद्यालय ने गांवों में चलाया सामुदायिक सेवा अभियान
- 16 से 18 अक्टूबर तक होगा कामधेनु महायज्ञ और गौ कथा
- लोक अदालत में केस निपट रहे या दब रही जवाबदेही? राष्ट्रपति से NALSA तक पहुंची ...
हिंदी दिवस सप्ताह में नन्हें-मुन्नों से लेकर अभिभावकों ने दिखाई प्रतिभा

राजनांदगांव। ठाकुरटोला स्थित संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल में हिंदी दिवस सप्ताह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और अभिभावकों में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, गर्व और जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद प्राचार्या रेखा तिवारी ने हिंदी के महत्व पर विचार रखे।
उन्होंने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि संस्कार, सभ्यता और देश की पहचान से जुड़ी है। वैश्वीकरण और सोशल मीडिया के दौर में भी हिंदी की प्रासंगिकता बनी हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा के प्रति गर्व रखने का संदेश दिया।
काव्य पाठ में बच्चों और माताओं ने लिया हिस्सा
हिंदी दिवस के अवसर पर काव्य पाठ और निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। काव्य पाठ के लिए अलग-अलग आयु वर्ग बनाए गए थे। नन्हें बच्चों की कविताओं ने सभी का ध्यान आकर्षित किया, जबकि बड़े विद्यार्थियों ने निबंध के माध्यम से हिंदी के वर्तमान स्वरूप पर अपने विचार रखे। इस बार अभिभावकों के लिए भी काव्य पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई।
कार्यक्रम की निर्णायक संस्कार सिटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्या डॉ. गुरप्रीत कौर छाबड़ा रहीं। उन्होंने कहा कि भाषा का विकास बच्चों के मानसिक विकास से जुड़ा है। काव्य पाठ और निबंध जैसी गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और रचनात्मकता बढ़ाने में सहायक होती हैं।
इन प्रतिभागियों ने हासिल किए स्थान
अभिभावक वर्ग के काव्य पाठ में रीना साहू, प्रिंसी जोशी और निधि शर्मा को सम्मानित किया गया। कक्षा 1 एवं 2 के काव्य पाठ में प्रसिद्धि साहू प्रथम, हिनल बेलचंदन द्वितीय तथा जस्वी चंद्राकर और आरवी कश्यप संयुक्त रूप से तृतीय रहे।
कक्षा 3 से 5 वर्ग में त्रिशा बजरंग ने प्रथम, सृष्टि साहू ने द्वितीय और अक्षत झा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग की निबंध लेखन प्रतियोगिता का विषय ‘मेरी प्यारी हिंदी’ था। इसमें अदिति मंडावी प्रथम, छाया कंवर द्वितीय और अनन्या ठाकुर तृतीय रहीं।
विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र
समापन अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अतुल देशलहरा, आदित्य अग्रवाल और ऊहा अग्रवाल ने विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति और मातृभाषा से जोड़े रखना है।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग ने किया। समापन पर ‘हिंदी है भारत की शान, हिंदी से भारत महान’ के जयघोष के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।











