Breaking

कमला कॉलेज में छात्राओं को दी डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक तकनीक की जानकारी

छत्तीसगढ़ 17 October 2026 (24)

post

राजनांदगांव। शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विश्व विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में दो दिवसीय मेगा लाइब्रेरी एवं टेक अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजली अवधिया के मार्गदर्शन में ग्रंथालय एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग की जानकारी दी गई। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पुस्तकालय के प्रति रुचि विकसित करना, नियमित अध्ययन की आदत को प्रोत्साहित करना और डिजिटल शैक्षणिक संसाधनों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। पहले दिन 14 अक्टूबर को लाइब्रेरी अवेयरनेस क्विज, बुकमार्क और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके साथ ही छात्राओं को ई-लाइब्रेरी के माध्यम से डिजिटल संसाधनों की खोज और उनके उपयोग के तरीके बताए गए।

कार्यक्रम के दूसरे दिन 16 अक्टूबर को शासकीय दिग्विजय स्वशासी महाविद्यालय के ग्रंथपाल परस राम ने अतिथि व्याख्यान दिया। उन्होंने छात्राओं को ओएनओएस (ONOS), ओपैक (OPAC), आरएफआईडी (RFID) और पुस्तकालय विज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही आधुनिक तकनीक के माध्यम से शैक्षणिक संसाधनों तक पहुंच और उनके प्रभावी उपयोग के बारे में बताया।

प्राचार्य डॉ. अंजली अवधिया ने छात्राओं को डिजिटल पुस्तकालय का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अध्ययन और ज्ञानवर्धन में डिजिटल संसाधनों की उपयोगिता बताई। इसके बाद छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। रैपिड फायर प्रश्नोत्तरी में भी छात्राओं ने उत्साह दिखाया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के संयोजक आलोक जोशी रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रभारी ग्रंथपाल अमरनाथ निपाद, अतिथि ग्रंथपाल तरुण कुमार और बुक लिफ्टर हिमांशु यादव का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के संचालन और व्यवस्थाओं में सहायक प्राध्यापक नंदनी चंदवंशी, डॉ. युगेश्वरी तथा  अतिथि व्याख्याता डॉ. मोना, चंदन साहू, शीला, योगेंद्र और रोहित सहित अन्य सहयोगियों ने योगदान दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।


You might also like!


RAIPUR WEATHER