Breaking

नवोदय विद्यालय परिसर में लगाए 220 नारियल के पौधे, पूर्व छात्रों ने निभाई भागीदारी

छत्तीसगढ़ 11 October 2026 (22)

post

डोंगरगढ़। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में पर्यावरण संरक्षण और परिसर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान के तहत इस वर्ष लगभग 220 नारियल के पौधे लगाए गए। अभियान में विद्यालय के पूर्व छात्रों, शिक्षकों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। पौधारोपण अभियान का समापन पूर्व छात्र एवं छुईखदान जनपद पंचायत के सभापति सुधीर गोलछा ने विद्यालय परिसर स्थित मंदिर के सामने नारियल का पौधा लगाकर किया।

विद्यालय में पौधारोपण अभियान की शुरुआत डोंगरगढ़ में पदस्थ होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी आलोक कलचुरी ने की थी। इसके बाद पूर्व छात्र भीष्म ठाकुर, गोपाल कुलदीप, पूर्णिमा, टिकेश्वर नेताम, दीप्ति चंदेल, अतुल ताम्रकार, ज्योत्सना साहू और कृष्ण चंद्रवंशी ने पौधारोपण किया। कल्लूबंजारी के साहित्यकार, कवि एवं उद्घोषक दिनेश दिलेर ने भी अभियान में सहभागिता निभाई। पूर्व छात्र गोपाल कुलदीप ने अभियान के लिए 50 नारियल के पौधे उपलब्ध कराए।

विद्यालय परिवार ने पूर्व छात्र सुधीर गोलछा के योगदान की सराहना की। उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल ने बताया कि गोलछा पूर्व में भी विद्यालय के विकास कार्यों में सहयोग करते रहे हैं। उन्होंने विद्यालय में पेयजल घर और सभी छात्रावास हाउस में गीजर की व्यवस्था कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके साथ ही पूर्व छात्रों को एकजुट कर विद्यालय के विकास से जोड़ने का कार्य भी किया।

पौधारोपण कार्यक्रम में उनकी टीम के भीष्म ठाकुर, टिकेश्वर नेताम, पूर्णिमा, दीप्ति चंदेल, ज्योत्सना साहू और सहकारिता विभाग में कार्यरत कमल किशोर निषाद की भी सहभागिता रही। इस अवसर पर बीएसएनएल डोंगरगढ़ के एसडीओ पुन्नीलाल पटेल भी उपस्थित रहे।

उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल ने बताया कि पौधारोपण अभियान का उद्देश्य विद्यालय के लगभग 35 एकड़ परिसर के चारों ओर नारियल के वृक्ष लगाकर हरियाली बढ़ाना और परिसर को आकर्षक बनाना है। नारियल के पौधे आकांक्षा नर्सरी, ठेलकाडीह, जिला राजनांदगांव से उपलब्ध कराए गए। नर्सरी संचालक अजय साहू ने विद्यालय पहुंचकर भूमि का निरीक्षण किया और पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। उप प्राचार्य ने उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

विद्यालय परिसर में इससे पहले भी शिक्षक अनिल कुमार पाल के सहयोग से आम का बगीचा विकसित किया गया है। आने वाले वर्षों में यहां विभिन्न किस्मों के आम के फल मिलने की उम्मीद है।

पौधारोपण अभियान में शिक्षक कृष्ण कुमार सहित रोशन, सुनील कुमार, अनिल कुमार पाल, विमल चंद द्विवेदी, वेंकटेश्वर और कंचन राठौर का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम के बाद पूर्व छात्रों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए भोजनालय के कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया।


You might also like!


RAIPUR WEATHER