Breaking

पेपर लीक, भर्ती में देरी और बढ़ती बेरोजगारी से युवाओं का भविष्य खतरे में : विपिन यादव

छत्तीसगढ़ 06 July 2026 (16)

post

देश24 न्यूज: 

राजनांदगांव। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के छात्रों की गूंज अभियान के तहत प्रेस क्लब, राजनांदगांव में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित कर राष्ट्रीय स्तर पर लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी तथा बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रेस वार्ता में युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर प्रश्न उठाते हुए केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने, परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने तथा रिक्त पदों पर नियमित भर्ती सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि देश का युवा आज सबसे अधिक असुरक्षित महसूस कर रहा है। वर्षों की मेहनत, लाखों परिवारों की पूंजी और विद्यार्थियों के सपने पेपर लीक तथा अव्यवस्थित परीक्षा प्रणाली की भेंट चढ़ रहे हैं। लगभग 22 लाख विद्यार्थियों द्वारा दी गई राष्ट्रीय मेडिकल प्रवेश परीक्षा से जुड़े विवादों ने करोड़ों परिवारों की चिंता बढ़ा दी है।
विपिन यादव ने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम उत्तरदायित्व की भावना सर्वोपरि होती है और संवैधानिक परंपरा के अनुसार किसी भी विभाग में इतनी बड़ी चूक होने पर नैतिक जिम्मेदारी संबंधित मंत्री की होती है। कांग्रेस शासनकाल में छोटी-छोटी घटनाओं पर भी मंत्रियों द्वारा नैतिक आधार पर इस्तीफा देने के अनेक उदाहरण रहे हैं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पेपर लीक जैसी गंभीर घटना के बावजूद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने न तो नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार की और न ही इस्तीफा दिया। इससे भी अधिक गंभीर बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब तक इस मामले में जवाबदेही तय नहीं की और न ही अपने शिक्षा मंत्री से इस्तीफा लिया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवादों के बाद देश के विभिन्न हिस्सों से अनेक विद्यार्थियों द्वारा आत्महत्या जैसे दुखद कदम उठाने की खबरें सामने आई हैं। यह पूरे देश के लिए अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक स्थिति है। युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है और ऐसी परिस्थितियों पर केंद्र सरकार को गंभीर आत्ममंथन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार देने के वादे किए गए थे,  लेकिन आज देश और भाजपा शासित राज्यों में लाखों सरकारी पद रिक्त होने के बावजूद नियमित एवं समयबद्ध भर्ती नहीं हो रही है। बेरोजगार युवा वर्षों तक तैयारी करते हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रियाएं लगातार टलती रहती हैं। यह युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है।
डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा कराने तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि देश के भविष्य का आधार है, जब राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं, तब केवल विद्यार्थियों का नहीं, बल्कि पूरे देश का विश्वास कमजोर होता है। सरकार को पेपर लीक और परीक्षा माफियाओं के खिलाफ केवल बयान देने के बजाय कठोर एवं उदाहरण प्रस्तुत करने वाली कार्रवाई करनी चाहिए। परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाया जाना चाहिए, ताकि किसी भी विद्यार्थी के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनीस खान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार न्यू इंडिया, डिजिटल इंडिया और विश्व गुरू भारत की बात करते हैं, लेकिन दुर्भाग्य से आज देश का युवा भारत को पेपर लीक इंडिया के रूप में याद करने लगा है। यह किसी भी राष्ट्र के लिए चिंता का विषय है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेगी तथा पेपर लीक, भर्ती में देरी और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा से जुड़े पूरे प्रकरण की जांच अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचाई जाए। परीक्षा माफिया के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर सभी दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। जांच को उच्च स्तर तक ले जाकर उनके राजनीतिक, प्रशासनिक एवं आर्थिक संरक्षण की भी निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही राष्ट्रीय स्तर की सभी परीक्षाओं के लिए सुरक्षित, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित परीक्षा प्रणाली लागू की जाए तथा देशभर में रिक्त सरकारी पदों का विवरण सार्वजनिक कर वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करते हुए नियमित एवं समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश का युवा किसी सरकार से उपकार नहीं, बल्कि अपनी मेहनत के आधार पर निष्पक्ष परीक्षा, समय पर भर्ती, सम्मानजनक रोजगार और न्याय चाहता है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकारों की लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती के साथ लड़ती रहेगी।
प्रेस वार्ता में डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, रमेश डाकलिया, कुतुबुद्दीन सोलंकी, अनीस खान, पंकज बांधव, दुर्गेश द्विवेदी, शिशुपाल भारती, विजयराज चौहान, कांती बंजारे, मतीन खान, विष्णु लोधी, अमित अग्रवाल, अकील मेमन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


You might also like!


RAIPUR WEATHER