देश24 न्यूज:
राजनांदगांव। स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक और समाज सुधारक वीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती शहर में पूरी श्रद्धा और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। हिंदू जागरण मंच द्वारा गंज लाइन स्थित तिरंगा चौक पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक जुटे। इस दौरान सावरकर जी के चित्र पर सूत की माला और पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया गया। पूरा परिसर 'भारत माता की जय' और 'वीर सावरकर अमर रहें' के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने वीर सावरकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, तपस्या और साहस का प्रतीक था। उन्होंने देश के युवाओं में राष्ट्रप्रेम की अलख जगाई। सावरकर जी का योगदान केवल देश की आजादी तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने सामाजिक समरसता, छुआछूत उन्मूलन और राष्ट्रीय एकता के लिए भी आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार आज के दौर में भी युवाओं के लिए सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं।
मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए वीर सावरकर ने अंग्रेजी हुकूमत की अमानवीय यातनाएं सहीं। अंडमान की सेल्यूलर जेल (काला पानी) में कठिन कारावास भुगतने के बाद भी वे अपने संकल्प से पीछे नहीं हटे और राष्ट्रसेवा का मार्ग नहीं छोड़ा। उनके इसी अदम्य साहस को देश हमेशा याद रखेगा। कार्यकर्ताओं ने युवाओं से सावरकर के आदर्शों को जीवन में अपनाने और समाज सेवा में आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव की रक्षा की शपथ ली।
इस गरिमामय अवसर पर हिंदू जागरण मंच के सुशील लड्ढा, प्रवीण शर्मा, सविता बोस, प्रभात गुप्ता, राजा जुगल गुप्ता, आशीष पांडे, रिंकू तिवारी, राजबहादुर सिंह, संतोष टूरहते, राकेश कसार, तुईशा वांदिले, अनीता सिन्हा, आशीष कुमार स्वर्णकार, मनोज गोलछा, गोविंद साहू, शिव वर्मा, आदर्श जैन, राय साहब, मौसमी शर्मा, ममता शर्मा, रिंकी कसार, आनंद गुप्ता, नीलू साहू, राजू साहू, कुबेर साहू, गोविंद गुप्ता, मुकेश सोनी, भारत भूषण वैष्णव, महेंद्र जंघेल, हरीश भानुशाली, ऋषभ मल, लक्ष्मण सिंह साहू, विष्णु सिन्हा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं शहरवासी उपस्थित थे।













