Breaking

अकीदत और अमन के साथ मनाई गई ईदुल-अजहा, ईदगाह में अदा हुई विशेष नमाज

छत्तीसगढ़ 28 May 2026 (16)

post

देश24 न्यूज: 

राजनांदगांव। जिलेभर में ईदुल-अजहा का पर्व धार्मिक आस्था, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर की ईदगाह में सुबह तयशुदा वक्त पर विशेष नमाज अदा की गई, जहां बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। नमाज के दौरान पूरे मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली, तरक्की और भाईचारे के लिए खास दुआएं मांगी गईं।
जामा मस्जिद के सदर हाजी रईस अहमद शकील ने जानकारी देते हुए बताया कि ईदुल-अजहा का पर्व त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देता है। इस मौके पर शहर के विभिन्न इलाकों से अकीदतमंद ईदगाह पहुंचे और पूरी अकीदत के साथ नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे पूरे क्षेत्र में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली। ईदगाह में नमाज के दौरान शहर इमाम कासिम रजा बरकाती साहब ने मुल्क में अमन, चैन, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की। नमाज संपन्न होते ही ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हो गया और चारों तरफ खुशियों का माहौल नजर आया।
ईदुल-अजहा के अवसर पर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खास उत्साह देखने को मिला। नए परिधानों में सजे बच्चे अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ पर्व की खुशियां साझा करते नजर आए। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर ईद की बधाई दी और आपसी प्रेम व भाईचारे का संदेश दिया। वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुस्लिम समाज को ईदुल-अजहा की मुबारकबाद दी। कई स्थानों पर बकरीद मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जहां सभी समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर सामाजिक एकता और सद्भाव का परिचय दिया।
नमाज के बाद मुस्लिम परिवारों में सुन्नत-ए-इब्राहीमी पर अमल करते हुए अल्लाह की राह में कुर्बानी देने का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद जरूरतमंदों, गरीबों और रिश्तेदारों के बीच गोश्त का वितरण किया गया, जिससे पर्व की खुशियां सभी तक पहुंच सकें।
जामा मस्जिद मुस्लिम समाज के मीडिया प्रभारी सैय्यद अफजल अली ने बताया कि त्योहार को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए थे। बसंतपुर थाना प्रभारी ऐमन साहू एवं कोतवाली थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस बल विभिन्न स्थानों पर तैनात रहा और पूरे समय सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद नजर आई। ईदुल-अजहा का यह पावन पर्व जिलेभर में प्रेम, भाईचारे, त्याग और इंसानियत का संदेश देते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।


You might also like!


RAIPUR WEATHER