Breaking

सोमनी के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में युवा संवाद कार्यक्रम संपन्न, एसआईआर को लेकर युवाओं को किया गया जागरूक

छत्तीसगढ़ 02 November 2026 (20)

post

राजनांदगांव। ग्राम सोमनी स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में एक भव्य युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष रोहित चंद्राकर ने की। इस दौरान लोकतंत्र की मजबूती और मतदाता सूची के शुद्धिकरण में युवाओं की भूमिका को लेकर विशेष चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के स्वागत-अभिनंदन के साथ हुआ। शाला की प्राचार्य श्रीमती सविता अवस्थी ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यालय में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन को विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।

मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने विद्यार्थियों और युवाओं को संबोधित करते हुए एसआईआर की आवश्यकता, उद्देश्य और उसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ और मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन होना बेहद आवश्यक है। एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण किया जाता है, जिससे पात्र मतदाताओं के नाम सूची में सुनिश्चित किए जा सकें और त्रुटियों का नियमानुसार निराकरण हो सके।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस प्रक्रिया को खुद समझें और अपने परिवार, पड़ोस तथा गांव के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं को सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिला उपाध्यक्ष रोहित चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान के दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता का मुख्य आधार है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे एक जागरूक नागरिक बनकर इस व्यवस्था में अपनी सकारात्मक और जिम्मेदार भूमिका निभाएं।

विशेष अतिथि एवं जन कल्याण सामाजिक संस्थान के अध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी खूबी यह है कि हमें मतदान का अधिकार मिला है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि एक जिम्मेदार, जागरूक और संवेदनशील नागरिक बनना भी है। उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों को गहराई से समझने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सभापति श्रीमती देवकुमारी साहू, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष खिलेश्वर साहू, भाजपा ग्रामीण मंडल महामंत्री रमन सिंह राजपूत, नेपाल साहू, नील निर्मलकर, नरोत्तम बंजारे, गोपाल साहू, रामविलास साहू, ऐश्वर्या साहू और चुनेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सनऊल संचालन व्याख्याता जीडी गुरु ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन व्याख्याता सुनील भागवत ने किया।


You might also like!


RAIPUR WEATHER