Breaking

करमतरा में घर-घर पहुंचकर टीबी के लक्षणों की जानकारी दे रहे युवा स्वयंसेवक

छत्तीसगढ़ 25 November 2026 (12)

post

डोंगरगांव। टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए ग्राम करमतरा में पिछले एक माह से टीबी जागरूकता एवं सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। मेरा युवा भारत और एनसीसी के स्वयंसेवक घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को क्षय रोग के लक्षण, बचाव, जांच और उपचार की जानकारी दे रहे हैं। ‘युवा सहभागिता से टीबी मुक्त भारत की ओर’ संदेश के साथ संचालित इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग और मितानिनों का भी सहयोग मिल रहा है।

मेरा युवा भारत, विकासखंड डोंगरगांव की राष्ट्रीय युवा स्वयंसेविका रूपमाला साहू के नेतृत्व में स्वयंसेवक सर्वे, पाम्पलेट वितरण और जनसंपर्क की गतिविधियां कर रहे हैं। विशेष जागरूकता कार्यक्रम में शासकीय बाबा साहब भीमराव अंबेडकर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोंगरगांव के सहायक प्राध्यापक (अर्थशास्त्र) शिवनाथ देवांगन एनसीसी कैडेट्स के साथ करमतरा पहुंचे। कैडेट्स भूपेंद्र, दामेश्वर, दिनेश कुमार, कविता, खिलेश्वरी और मोनिका ने भी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।

अभियान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करमतरा की आरएचओ मोहनीश साहू और पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक धनंजय साहू का योगदान मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम और मितानिनों के सहयोग से गांव में घर-घर सर्वे किया जा रहा है। स्वयंसेवकों को जिला स्तर पर प्रशिक्षण और आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया है।

इसी कड़ी में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान धान विक्रय केंद्र में पहुंचे किसानों और हितग्राहियों को टीबी के लक्षणों और उपचार की जानकारी दी गई। युवाओं ने होटल, दुकानों, चौक-चौराहों और गली-मोहल्लों में जाकर लोगों से संवाद किया। घर-घर सर्वे के दौरान परिवारों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली गई और संभावित लक्षण वाले लोगों को स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को बताया कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी रहना, बलगम या खांसी में खून आना, लगातार बुखार, रात में पसीना आना, वजन कम होना और भूख में कमी टीबी के संभावित लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराना जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि समय पर बीमारी की पहचान और निर्धारित उपचार पूरा करने से टीबी से मुक्ति संभव है।

जागरूकता के दौरान खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकने, घरों में पर्याप्त हवा और रोशनी रखने तथा साफ-सफाई का ध्यान रखने की सलाह दी गई। साथ ही टीबी से पीड़ित लोगों के प्रति भेदभाव नहीं करने और उन्हें उपचार के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की गई।

जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान में युवाओं, एनसीसी कैडेट्स और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से ग्रामीणों तक टीबी से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाई जा रही है। अभियान का उद्देश्य संभावित मरीजों को समय पर जांच और उपचार से जोड़ना तथा टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य में जनभागीदारी बढ़ाना है।


You might also like!


RAIPUR WEATHER