Breaking

खैरागढ़ के संरक्षण में छुईखदान में 20.88 लाख की खरीदी पर सवाल, जिला पंचायत सीईओ पर भी गंभीर आरोप

छत्तीसगढ़ 25 November 2026 (13)

post

खैरागढ़/छुईखदान। जनपद पंचायत छुईखदान में 48 गार्बेज रिक्शा (ट्राई साइकिल) की खरीदी को लेकर कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। करीब 20 लाख 88 हजार रुपये की इस खरीदी में घटिया वाहनों की आपूर्ति, बिना तकनीकी जांच के सत्यापन और GeM पोर्टल पर अनधिकृत तरीके से प्राप्ति प्रमाणन (CRAC) जनरेट कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल और जनपद पंचायत छुईखदान की प्रभारी सीईओ केश्वरी देवांगन की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।

इस संबंध में 21 नवंबर 2026 को जिला पंचायत सीईओ को विस्तृत शिकायत सौंपकर पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने, संबंधित दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने तथा प्रस्तावित भुगतानों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।
दो फर्मों से खरीदे गए 48 वाहन, गुणवत्ता पर सवाल

शिकायत के मुताबिक जनपद पंचायत छुईखदान में 48 गार्बेज रिक्शा की खरीदी 43,500 रुपये प्रति वाहन की दर से की गई। इस तरह कुल खरीदी राशि 20 लाख 88 हजार रुपये होती है। वाहनों की आपूर्ति श्रीराम फर्नीचर्स एंड इलेक्ट्रॉनिक्स, छुईखदान और स्वाति कॉरपोरेशन, धमतरी नामक दो फर्मों से कराए जाने का उल्लेख शिकायत में है।

आरोप है कि दोनों फर्मों द्वारा GeM पोर्टल पर निर्धारित तकनीकी मापदंडों के विपरीत घटिया बॉडी, कमजोर चेसिस और निर्धारित क्षमता से कम भार वहन करने वाले वाहन उपलब्ध कराए गए। इसके बावजूद किसी स्वतंत्र तकनीकी अधिकारी से वाहनों का भौतिक सत्यापन नहीं कराया गया। शिकायतकर्ता ने बिलों में दर्ज फर्मों के पतों पर भी सवाल उठाते हुए वहां संबंधित प्रतिष्ठानों की मौजूदगी की जांच कराने की मांग की है।

मामले में सबसे अहम सवाल जनपद पंचायत की प्रभारी सीईओ केश्वरी देवांगन की प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारिता को लेकर उठाया गया है। शिकायत में उल्लेख है कि वे मूलतः अराजपत्रित तृतीय श्रेणी कर्मचारी हैं। इसके बावजूद उन्होंने पत्र क्रमांक 1421, दिनांक 12 मई 2026 जारी कर वाहनों के सत्यापन के लिए दल गठित कर दिया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि सक्षम प्रभार आदेश और अधिकारों के विधिवत प्रत्यायोजन के बिना सत्यापन दल का गठन करना तथा उसके आधार पर भुगतान की अनुशंसा करना नियमों के विपरीत है। इस संबंध में प्रभार आदेश, नियुक्ति अभिलेख, संबंधित नोटशीट और पत्र क्रमांक 1421 की मूल प्रति की जांच कराने की मांग की गई है।

इस पूरे घटनाक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि जिला स्तर के अधिकारियों की जानकारी या संरक्षण के बिना जनपद स्तर पर इतनी बड़ी वित्तीय प्रक्रिया आगे बढ़ना संभव नहीं है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
बिना मौके पर पहुंचे सत्यापन और हस्ताक्षर कराने का आरोप

वाहनों के सत्यापन के लिए गठित दल की कार्यप्रणाली पर भी शिकायत में सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि दल में ऐसे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और संविदा तकनीकी सहायकों को शामिल किया गया, जिनके पास गार्बेज रिक्शा की तकनीकी गुणवत्ता का परीक्षण करने की आवश्यक योग्यता या अधिकृत अधिकार नहीं थे।

शिकायत में पंचायत विभाग के आदेश क्रमांक 1221/22/स्था./2019, दिनांक 18 जुलाई 2019 का हवाला देते हुए कहा गया है कि संविदा तकनीकी सहायकों को इस तरह के सत्यापन के लिए अधिकृत नहीं किया गया है। इसके बावजूद उनसे वाहनों को सही बताकर सत्यापन कराया गया।

एक संविदा तकनीकी सहायक के हवाले से शिकायत में दावा किया गया है कि उन्हें जनपद पंचायत कार्यालय बुलाकर सत्यापन पत्रक सह प्रतिवेदन पर हस्ताक्षर करने के लिए दबाव बनाया गया, जबकि वे मौके पर वाहन निरीक्षण के लिए गए ही नहीं थे। वाहनों की वाहनवार तस्वीरें, माप पुस्तिका और निरीक्षण पंजी उपलब्ध नहीं होने का आरोप भी लगाया गया है।
OTP के जरिए फर्जी प्राप्ति प्रमाणन का आरोप

इस मामले में GeM पोर्टल पर OTP के कथित अनधिकृत इस्तेमाल का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत के अनुसार जनपद के किसी कर्मचारी ने ग्राम पंचायत सचिवों और सरपंचों से मोबाइल पर OTP प्राप्त कर आपूर्तिकर्ताओं को उपलब्ध कराया। इसके माध्यम से पोर्टल पर फर्जी प्राप्ति प्रमाणन (CRAC) जनरेट कर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की आशंका जताई गई है।

शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए GeM पोर्टल के IP लॉग, लॉग-इन हिस्ट्री, संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और WhatsApp चैट का विधिसम्मत डिजिटल फॉरेंसिक परीक्षण कराने की मांग की है।

शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि 48 वाहनों के बाद अब 50 से अधिक अतिरिक्त गार्बेज रिक्शा और ई-रिक्शा का सत्यापन कराकर भुगतान कराने की तैयारी चल रही है। इसके लिए संबंधित कर्मचारियों पर दबाव बनाए जाने की बात भी कही गई है। शिकायतकर्ता के मुताबिक यदि इन वाहनों का भुगतान बिना नियमानुसार जांच के किया गया तो शासन को 40 लाख रुपये से अधिक की अतिरिक्त आर्थिक क्षति हो सकती है।
स्वतंत्र जांच और भुगतान रोकने की मांग

शिकायतकर्ता ने जिला पंचायत सीईओ से मांग की है कि पत्र क्रमांक 1421 सहित सभी मूल अभिलेख, बिल, भुगतान संबंधी फाइल और GeM पोर्टल के डिजिटल रिकॉर्ड तत्काल सुरक्षित किए जाएं। सभी 48 वाहनों का किसी स्वतंत्र तकनीकी संस्था से दोबारा परीक्षण कराया जाए। संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और आपूर्तिकर्ता फर्मों से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की विधिसम्मत जांच हो तथा प्रस्तावित 50 से अधिक वाहनों के भुगतान पर जांच पूरी होने तक रोक लगाई जाए।

शिकायत में आरोप प्रमाणित होने की स्थिति में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, प्रभारी सीईओ केश्वरी देवांगन और संबंधित आपूर्तिकर्ता फर्मों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई के साथ शासकीय राशि की वसूली की मांग भी की गई है।

अब निगाहें जिला पंचायत प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच होती है या मामला विभागीय स्तर पर ही सीमित रह जाता है।


You might also like!


RAIPUR WEATHER