Breaking

‘समन्वय 2026-27’ में विद्यार्थियों ने विज्ञान मॉडल से दिखाई नवाचार की प्रतिभा

छत्तीसगढ़ 21 November 2026 (21)

post

राजनांदगांव। संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक महोत्सव ‘समन्वय 2026-27’ का शनिवार को समापन हुआ। अंतिम दिन संभाग स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विज्ञान और कला से जुड़े मॉडल प्रस्तुत कर अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार का परिचय दिया। विद्यालय परिसर में दिनभर विज्ञान और तकनीकी प्रयोगों को लेकर उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या रेखा तिवारी, शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा अतिथियों का तिलक लगाकर एवं बैज पहनाकर स्वागत करने के साथ हुई। प्रदर्शनी के निर्णायक मंडल में व्याख्याता शुभ्रा वर्मा, संस्कार सिटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्य डॉ. गुरप्रीत कौर छाबड़ा और संस्कार सिटी कॉलेज ऑफ फार्मेसी के प्राचार्य डॉ. टी. वर्मा शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों के मॉडलों का अवलोकन कर उनकी विषयगत समझ, प्रस्तुति और उपयोगिता के आधार पर मूल्यांकन किया।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक सिद्धांतों को मॉडल के माध्यम से समझाया। उनकी रचनात्मकता और आत्मविश्वास ने निर्णायकों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। बड़ी संख्या में पहुंचे पालकों ने भी मॉडल देखे और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर गायत्री विद्या मंदिर, राजनांदगांव का ‘शोर से बिजली उत्पादन’ मॉडल और संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल का ‘पीजो इलेक्ट्रिक एनर्जी जनरेटर’ संयुक्त रूप से रहे। द्वितीय स्थान श्री गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल के ‘आर्डिनो रडार सिस्टम’ को मिला। इसी विद्यालय का ‘इलेक्ट्रिक वाहन के लिए वायरलेस चार्जिंग स्टेशन’ मॉडल तृतीय स्थान पर रहा।

सांत्वना पुरस्कार बाल भारती पब्लिक स्कूल के ‘यूएनएसडीजी इन एक्शन’ और संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल के ‘सैफनिक्स आपदा निकासी प्रणाली’ मॉडल को दिया गया।

महोत्सव के पहले दिन कबड्डी, बास्केटबॉल, ड्राइंग, फेस पेंटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं हुईं। इनमें करीब 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया। दूसरे दिन फैंसी ड्रेस, फैशन शो, सीनियर और जूनियर वर्ग के नृत्य प्रदर्शन के साथ बालक-बालिका वर्ग की वॉलीबॉल और खो-खो प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने खेल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी बहुआयामी प्रतिभा दिखाई।

तीसरे दिन विज्ञान प्रदर्शनी के साथ विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक और नवाचारी सोच प्रस्तुत करने का मंच मिला। विजेताओं के साथ सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई। विद्यालय के प्रबंधक आदित्य अग्रवाल, अतुल देशलहरा, ऊहा अग्रवाल और प्राचार्या रेखा तिवारी ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन में प्रशासक विकास जोशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के संचालन में शिक्षकों, समिति सदस्यों और स्वयंसेवकों ने सहयोग दिया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


You might also like!


RAIPUR WEATHER