देश24 न्यूज:
राजनांदगांव। आम आदमी पार्टी के लोकसभा अध्यक्ष भूपेश तिवारी ने घुमका नगर पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि पार्टी आगामी चुनाव में नगर पंचायत घुमका के सभी 15 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारेगी और पूरी मजबूती, रणनीति तथा जनसमर्थन के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई, जिसमें संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और सदस्यता अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि घुमका नगर पंचायत में आम आदमी पार्टी मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी।
लोकसभा अध्यक्ष भूपेश तिवारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा स्वच्छ राजनीति, पारदर्शिता और जनसेवा की विचारधारा पर कार्य करती रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पार्टी केवल ईमानदार, शिक्षित, कर्मठ और स्वच्छ छवि वाले उम्मीदवारों को ही मैदान में उतारेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य नगर पंचायत में भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन स्थापित करना, बेहतर सड़क, पानी, सफाई, स्वास्थ्य और जनसुविधाएं उपलब्ध कराना है।
भूपेश तिवारी ने कहा कि घुमका की जनता अब पारंपरिक राजनीति से ऊब चुकी है और ईमानदार विकल्प चाहती है। आम आदमी पार्टी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतर रही है। उन्होंने कहा कि घुमका नगर पंचायत के विकास, युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और आम नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर पार्टी का स्पष्ट रोडमैप तैयार है। बैठक के पश्चात पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा बस स्टैंड क्षेत्र में सघन सदस्यता अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं, महिलाओं एवं नागरिकों ने आम आदमी पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर सदस्यता ग्रहण की। भूपेश तिवारी ने कहा कि आने वाले दिनों में घर-घर संपर्क अभियान चलाकर पार्टी का विजन प्रत्येक वार्ड तक पहुंचाया जाएगा। घुमका नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों में चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी। केवल ईमानदार और योग्य उम्मीदवारों को टिकट मिलेगा। जनता के बीच तेजी से बढ़ रहा आम आदमी पार्टी का जनसमर्थन। सदस्यता अभियान से जुड़ रहे युवा, महिलाएं और आम नागरिक विकास, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन का संकल्प।
बैठक में मुख्य रूप से पार्टी के प्रदेश महासचिव वजूद आलम, प्रदेश संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा, प्रदेश सचिव देविंदर सिंह भाटिया, राजनांदगांव लोकसभा अध्यक्ष भूपेश तिवारी, राजनांदगांव जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोनी एवं खैरागढ़ जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता उपस्थित रहे।
बैठक और अभियान में मुकेश तिवारी, कमलेश स्वर्णकार, आरिफ खान, राजीव कांदु, पूरन यादव, शीतल सिंह बघेल, प्रफुल्ल बैस, एसएस नायडू, नीलेश सोनी, ठकुरी राम, संतोष जंघेल, संतोष यादव, चित्रा गुरुदेव, ईश्वरी प्रसाद साहू, जयदेव (जोजो), किशन निर्मलकर और फागुलाल कुंभकार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही डोंगरगांव और राजनांदगांव क्षेत्र से परमेश्वर साहू, जेनी बाई, हर्षिता सोनी, सरस्वती भद्रा, सूरज डोंगरे, जमुना लाल बोचरे, मिथिलेश हरिहारनो और शुभम रामटेके ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।











