Breaking

आठवां पोषण पखवाड़ा : ग्राम स्तर पर कुपोषण के खिलाफ सशक्त पहल

छत्तीसगढ़ 15 April 2026 (23)

post

देश24 न्यूज: 

राजनांदगांव। आठवें पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत जीव दया फाउंडेशन एवं जन कल्याण सामाजिक संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में ग्राम कामखेड़ा, मानपुर विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र में एक प्रभावी पोषण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक आहार के महत्व को समझाना एवं माताओं को बच्चों के संतुलित पोषण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान संस्था के कार्यकर्ताओं द्वारा उपस्थित पालकों को बताया गया कि घर पर आसानी से उपलब्ध सामग्री-जैसे दाल, हरी सब्जियां, अनाज, फल एवं दुग्ध उत्पाद के माध्यम से बच्चों को संपूर्ण पोषण प्रदान किया जा सकता है। विशेष रूप से 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए पूरक आहार, स्तनपान के महत्व एवं स्वच्छता संबंधी आदतों पर विस्तृत जानकारी साझा की गई।
संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम चावरगांव, कंदाड़ी, मुरझर, कामखेड़ा एवं सहपाल के आंगनबाड़ी केंद्रों में कुल 172 बच्चों को सुपोषित बनाने हेतु सतत प्रयास किए जा रहे हैं। यह कार्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिन बहनों के समन्वय से नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है, जिसमें बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग, पोषण परामर्श एवं परिवार स्तर पर व्यवहार परिवर्तन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिसमें स्थानीय खाद्य सामग्री से संतुलित आहार बनाने का लाइव प्रदर्शन, कुपोषण की पहचान एवं रोकथाम पर सरल जानकारी, माताओं को बच्चों के आयु-उपयुक्त आहार चार्ट की जानकारी, स्वच्छता एवं हाथ धोने की सही तकनीक पर जागरूकता, बच्चों के वजन एवं स्वास्थ्य की नियमित निगरानी पर जोर। इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन दीदी एवं संस्था की कार्यकर्ता गौरी यादव की सक्रिय उपस्थिति रही। समुदाय की माताओं एवं पालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पोषण संबंधी जानकारियों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
जन कल्याण सामाजिक संस्थान द्वारा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में निरंतर उच्च स्तरीय कार्य किया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से स्थायी सुधार लाना है। संस्था भविष्य में भी शासन-प्रशासन, दानदाता संस्थाओं एवं समुदाय के सहयोग से कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रतिबद्ध है। संस्था सभी हितधारकों शासन-प्रशासन, कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) इकाइयों एवं समाज के जागरूक नागरिकों से अपील करती है कि वे इस पहल से जुड़कर बच्चों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें।


You might also like!


RAIPUR WEATHER