Breaking

गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए जिला साहू संघ राजनांदगांव की नई पहल, समाज की बेटी ज्योति साहू की पढ़ाई का संकल्प लिया समाज ने

छत्तीसगढ़ 19 July 2026 (25)

post

देश24 न्यूज: 

राजनांदगांव। ‘यदि एक बच्चे की शिक्षा का दीपक जलता हैए तो केवल उसका ही नहीं बल्कि पूरे समाज का भविष्य उज्ज्वल होता है।’ इसी भावना को साकार करते हुए जिला साहू संघ राजनांदगांव ने समाजहित में एक अत्यंत प्रेरणादायी और संवेदनशील पहल की शुरुआत की है। इस पहल के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की होनहार छात्रा कुमारी ज्योति साहू, निवासी छुरिया को उसकी शिक्षा निरंतर जारी रखने हेतु विद्यालय की शुल्क (फीस) एवं आवश्यक पाठ्य.पुस्तकों के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया।
यह पहल केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति के लिए एक संदेश है कि यदि हम सभी मिलकर किसी एक बच्चे की शिक्षा का दायित्व उठाएं, तो समाज का कोई भी प्रतिभाशाली बच्चा केवल आर्थिक अभाव के कारण अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने को विवश नहीं होगा।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं स्वर्गीय जोधी राम साहू के सुपुत्र तोरण साहू ने अत्यंत संवेदनशीलता और उदारता का परिचय देते हुए छात्रा की विद्यालय फीस के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग प्रदान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा सबसे बड़ा दान है और किसी जरूरतमंद बच्चे की पढ़ाई में सहयोग करना मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने समाज के अन्य सक्षम लोगों से भी आग्रह किया कि वे ऐसे बच्चों की पहचान कर उनकी शिक्षा में सहयोग करें, ताकि समाज का भविष्य और अधिक सशक्त बन सके।
इसी क्रम में जिला साहू संघ राजनांदगांव के अध्यक्ष नोबल साहू ने भी छात्रा की फीस के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करते हुए कहा कि जिला साहू संघ का उद्देश्य केवल सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो गरीबी, अशिक्षा और सामाजिक पिछड़ेपन की बेड़ियों को तोड़ सकती है। यदि समाज का प्रत्येक परिवार एक-एक जरूरतमंद बच्चे की शिक्षा का संकल्प ले ले, तो आने वाले वर्षों में समाज का स्वरूप पूरी तरह बदल सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. हेमशंकर जेठमल साहू ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसी बच्चे को पुस्तक देना केवल कागज के कुछ पन्ने देना नहीं है, बल्कि उसके सपनों को पंख देना है। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब प्रतिभाशाली बच्चों को अवसर और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। आर्थिक कठिनाइयां कभी भी किसी बच्चे की शिक्षा के मार्ग में बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने समाज के सभी शिक्षित एवं सक्षम नागरिकों से आगे आकर शिक्षा सहयोग अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर छुरिया परिक्षेत्रीय अध्यक्ष खुमेंद्र साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि यह पहल आने वाले समय में समाज के लिए एक आदर्श बनेगी। समाज के सहयोग से ऐसे अनेक बच्चों को शिक्षा का अधिकार और बेहतर भविष्य मिल सकेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला साहू संघ द्वारा प्रारंभ किया गया यह अभियान निरंतर आगे बढ़ेगा और प्रत्येक क्षेत्र में जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुँचेगा।
सहायता प्राप्त करने वाली छात्रा ज्योति साहू एवं उनके परिवार ने भावुक होकर सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण पढ़ाई जारी रखना चुनौतीपूर्ण हो गया था, लेकिन समाज के वरिष्ठजनों के सहयोग ने उनके भीतर नई आशा और आत्मविश्वास का संचार किया है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि वे पूरी मेहनत और लगन से अध्ययन कर अपने परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन करेंगी।
जिला साहू संघ राजनांदगांव ने घोषणा की कि यह केवल एक शुरुआत है। भविष्य में भी समाज के आर्थिक रूप से कमजोर, मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें शिक्षा, पुस्तक, फीस, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराने का अभियान निरंतर चलाया जाएगा। संघ का उद्देश्य है कि समाज का कोई भी प्रतिभाशाली बच्चा केवल आर्थिक अभाव के कारण अपनी शिक्षा से वंचित न रहे।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने शिक्षा सहयोग अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हुए समाज के प्रत्येक सक्षम परिवार से अपील की कि वे कम से कम एक जरूरतमंद विद्यार्थी की शिक्षा का दायित्व अवश्य निभाएँ। यही सच्ची सामाजिक सेवा, मानवता और समाज निर्माण की दिशा में सबसे बड़ा योगदान होगा।
जिला साहू संघ राजनांदगांव की यह मानवीय पहल न केवल एक छात्रा के जीवन में आशा का दीप प्रज्वलित करती है, बल्कि पूरे समाज को यह संदेश भी देती है कि जब समाज अपने बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी स्वयं उठाता है, तब विकास, समानता और शिक्षा का नया इतिहास लिखा जाता है।


You might also like!


RAIPUR WEATHER