Breaking

"छोटे-मोटे कामों के लिए बघवा को क्यों परेशान करना, चीते काफी हैं" : महापौर की घोषणा पर गूंजीं तालियां

छत्तीसगढ़ 13 July 2026 (19)

post

देश24 न्यूज: 

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह के राजनांदगांव प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ राजपूत महासभा के पदाधिकारी ने जब उनसे सामाजिक गतिविधियों पर चर्चा के लिए मुलाकात करने पहुंचे. उस समय रोचक और यादगार माहौल बन गया, जब समाज की महिलाओं ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के समक्ष समाज भवन के लिए आठ वातानुकूलित (एसी) लगाने की मांग रखी। मांग पूरी होने से पहले ही महापौर मधुसूदन यादव ने मुस्कुराते हुए ऐसा जवाब दिया कि पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

महापौर ने कहा, "छोटे-मोटे कामों के लिए बघवा को क्यों परेशान करना, चीते काफी हैं।" उनके इस बयान का आशय साफ था कि समाज भवन में एसी लगाने जैसा कार्य स्थानीय स्तर पर ही पूरा कर दिया जाएगा और इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष को परेशान करने की जरूरत नहीं है।

महापौर ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह की मौजूदगी में ही समाज भवन में आठ एसी लगवाने की घोषणा कर दी। घोषणा होते ही समाज के पदाधिकारियों और उपस्थित लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। पूरे सभागार में तालियां गूंज उठीं और समाज के लोगों ने महापौर का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनका आभार जताया।

लंबे समय से लंबित थी समाज की मांग

राजपूत समाज भवन में लगातार सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित के कार्यक्रम आयोजित होते हैं। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को देखते हुए भवन को वातानुकूलित करने की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी मांग को लेकर समाज के पदाधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के समक्ष प्रस्ताव रखा।

बताया जाता है कि डॉ. रमन सिंह इस मांग पर सहमति जताने ही वाले थे कि उससे पहले महापौर मधुसूदन यादव ने स्वयं इसकी जिम्मेदारी लेते हुए आठ एसी लगाने की घोषणा कर दी।

रमन सिंह बोले— बड़ी योजनाएं भी बनाइए

महापौर की घोषणा पर डॉ. रमन सिंह भी मुस्कुराए। उन्होंने समाज के पदाधिकारियों से कहा कि वे समाज के हित में बड़ी और दूरगामी योजनाएं भी तैयार करें, ताकि शासन स्तर पर उनका सहयोग किया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाज के विकास और जरूरतों के लिए जनप्रतिनिधि हरसंभव सहयोग करेंगे।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राजपूत महासभा महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष सुषमा सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष कनकलता सिंह, रेखा सिंह, सुधा पवार,निशा सेंगर,अंजू सिंह,स्वाति चौहान,डिंपल भदौरिया सहित महिला विंग की पदाधिकारी एवं समाज के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।


You might also like!


RAIPUR WEATHER