Breaking

जरूरतमंदों के लिए फरिश्ता बने यूनुस अजनबी, रक्त अलंकरण सम्मान से नवाजे गए

छत्तीसगढ़ 15 June 2026 (15)

post

देश24 न्यूज: 

राजनांदगांव। अस्पतालों में जब रक्त की कमी के कारण मरीजों की सांसें अटक जाती हैं और परिजन मदद की तलाश में भटकते हैं, तब एक नाम अक्सर राहत बनकर सामने आता है-यूनुस अजनबी। जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और मानव सेवा के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए विश्व रक्तदाता दिवस पर उन्हें रक्त अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया गया।
भिलाई के कला मंदिर में सेवक जन फाउंडेशन द्वारा आयोजित रक्त अलंकरण सम्मान समारोह में यूनुस ब्लड डोनेशन ग्रुप के संयोजक एवं राजनांदगांव जिले के गौरव यूनुस अजनबी को यह सम्मान प्रदान किया गया। वर्षों से वे सिकलसेल और थैलेसीमिया पीड़ितों, सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों, गर्भवती महिलाओं तथा अन्य जरूरतमंदों तक रक्त पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। वक्ताओं ने यूनुस अजनबी की सराहना की युनुस की टीम ने सैकड़ों मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर नई जिंदगी देने में अहम भूमिका निभाई है। यही वजह है कि आज उनका नाम रक्तदान और मानव सेवा के क्षेत्र में एक भरोसे के रूप में जाना जाता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग सांसद विजय बघेल रहे। इस अवसर पर विकास जायसवाल, राज आढ़तिया, हनी गुप्ता, गुलशन पटेल, जाहिद अली सहित आशीर्वाद ब्लड बैंक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
मुस्लिम समाज के मीडिया प्रभारी सैय्यद अफजल अली ने कहा कि रक्तदान महादान है और यूनुस अजनबी जैसे लोग समाज में सेवा, संवेदनशीलता और मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं। एक फोन कॉल पर रक्तदाताओं को जोड़कर अनगिनत लोगों की जिंदगी बचाने वाले यूनुस अजनबी का यह सम्मान पूरे राजनांदगांव जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।


You might also like!


RAIPUR WEATHER