Breaking

चुनाव में नशामुक्त छत्तीसगढ़ का वादा, सत्ता में आते ही खुले नए शराब ठेके और अफीम की खेती : अब्दुल कलाम खान

छत्तीसगढ़ 08 March 2026 (88)

post

देश24 न्यूज: 

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में नशे को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। राजस्थान-ओडिशा प्रदेश प्रभारी अल्पसंख्यक विभाग अब्दुल कलाम खान ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में भाजपा के नेता 7 एकड़ भूमि पर अफीम की खेती कर रहे हैं। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ सरकार के लिए शर्मनाक घटना बताया।

अब्दुल कलाम खान ने कहा कि भाजपा चुनाव में हर मंच से नशामुक्त छत्तीसगढ़ का वादा करती रही, लेकिन सत्ता में आते ही नशे पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार अपने नेताओं के जरिए नशे के कारोबार को संरक्षण दे रही है और युवाओं को नशे की दलदल में धकेल रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने माताओं और बहनों के विरोध के बावजूद प्रदेश में 67 नई शराब दुकानों का उद्घाटन किया और हाल ही में धमतरी जिले में 13 नई शराब दुकानों के प्रस्ताव को पास किया। वहीं, अन्य राज्यों से गांजे की तस्करी लगातार पकड़ी जा रही है, जिसकी कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है।

अब्दुल कलाम खान ने चेताया कि प्रदेश में सूखे नशे और गांजे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। नशे में युवा चाकूबाजी, हत्या जैसे जघन्य अपराधों में फंस कर अपना और दूसरों का जीवन बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से लगे अन्य प्रदेशों में भी भाजपा की सरकार होने के कारण यह शक है कि वहां के भाजपा प्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी नशे के कारोबार को बढ़ाने में मिलीभगत कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब छत्तीसगढ़ जैसे शांत प्रदेश में सरकार के नाक के नीचे भाजपा किसान मोर्चा के नेता और कार्यकर्ता अफीम की खेती कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अफीम की खेती तैयार होने में समय लगता है, फिर भी प्रशासन को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। खान ने संबंधित अधिकारियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


You might also like!


RAIPUR WEATHER