देश24 न्यूज:
राजनांदगांव। संस्कार सिटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में ‘मेंटल हेल्थ एवं गेम्स ऑफ लाइफ’ विषय पर एक दिवसीय व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों और शिक्षकों को मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच तथा जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गुरप्रीत कौर एवं मुख्य अतिथि डॉ. मोना माखीजा, शासकीय कमला राठी महिला महाविद्यालय द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती पूजन के साथ किया गया। प्राचार्य ने मुख्य अतिथि का पौधा भेंट कर स्वागत किया।
अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. कौर ने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षणार्थियों के लिए मानसिक संतुलन बनाए रखना समय की आवश्यकता है, जिससे वे भविष्य में एक सशक्त शिक्षक की भूमिका निभा सकें।
मुख्य वक्ता डॉ. मोना माखीजा ने ‘गेम्स ऑफ लाइफ’ की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और दैनिक जीवन में संतुलित दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने आत्मविश्वास की कमी, परीक्षा संबंधी तनाव और युवाओं में बढ़ती मानसिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रशिक्षणार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सहायक प्राध्यापक श्रीमती मधुबाला श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त सहायक प्राध्यापक एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।












