Breaking

आयुर्वेद दिवस पर पीएम श्री नवोदय विद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

छत्तीसगढ़ 23 September 2026 (21)

post

डोंगरगढ़। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, डोंगरगढ़ में 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में भारतीय चिकित्सा पद्धतियों एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सांध्य कालीन सत्र में औषधीय पौधों का रोपण व वितरण किया गया।

कार्यक्रम में आयुर्वेदिक हॉस्पिटल डोंगरगढ़ की विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. साबी खान एवं होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कलचुरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा पारिजात, नारियल और अडूसा जैसे औषधीय पौधों के गुणों की जानकारी देते हुए उनका रोपण एवं विद्यार्थियों को वितरण किया गया। इस अवसर पर गायत्री मिश्रा, प्रवीन मिश्रा और सानिध्य सिंह की भी गरिमामय उपस्थिति रही।

सत्र के दौरान चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को आयुर्वेद व होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति, संतुलित आहार, योग, स्वच्छता तथा निरोगी जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं को लेकर चिकित्सकों से संवाद भी किया।

आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. साबी खान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आयुर्वेद केवल बीमारी का उपचार करने की पद्धति नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य को बनाए रखने और जीवनशैली को संतुलित बनाने की समग्र पद्धति है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित दिनचर्या, पौष्टिक आहार, पर्याप्त नींद और शारीरिक सक्रियता को अपनाने की सलाह दी।

विद्यालय के प्राचार्य एस. के. सिंह ने कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन भारतीय ज्ञान-परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाते हैं।

उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल ने कहा कि वर्तमान समय में पढ़ाई के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है। आयुर्वेद के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाकर निरोगी जीवन की ओर बढ़ा जा सकता है।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक सुनील कुमार वर्मा, अनिल कुमार पॉल, रोशन सुनील कुमार, दीपचंद चौरसिया, कमल दास मच्छिरके, पॉल सर सहित अन्य स्टाफ विशेष रूप से उपस्थित रहे।


You might also like!


RAIPUR WEATHER