Breaking

कारगिल विजय दिवस पर विष्णु सरकार की नई पहल: अग्निवीरों को मिलेगा छत्तीसगढ़ में आरक्षण... आरक्षक, वन रक्षक, जेल प्रहरी भर्तियों के समय मिलेगी विशेष प्राथमिकता...

छत्तीसगढ़ 26 July 2024 (427)

- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्निवीरों की भर्ती मामले में विधानसभा में किया बड़ा ऐलान...

post

देश24 न्यूज: 

Raipur: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्निवीर जवानों के लिए बड़ी घोषणा की है। साय सरकार अग्निवीर में शामिल होने वाले युवाओं को सेवा समाप्ति के बाद प्रदेश की भर्तियों ने प्राथमिकता देगी। उन्हें आरक्षक, वन रक्षक, जेल प्रहरी भर्तियों के समय विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।


इस तरह छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने अग्निवीरों की भर्ती के मामले में बड़ा ऐलान किया है। इस घोषणा के तहत छत्तीसगढ़ सरकार अग्निवीरों को विशेष आरक्षण देगी। सेना से सेवा के बाद ये जवान प्रदेश सरकार की अलग-अलग फोर्स में भर्ती हासिल कर सकेंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह ऐलान गुरुवार को विधानसभा में किया। उन्होंने बताया कि अग्निवीर स्किम के तहत सेना में गए युवकों को इस आरक्षण का सीधा फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा- छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को यह बताते हुए बड़ा हर्ष हो रहा है, कि अब छत्तीसगढ़ में जितने भी अग्निवीर हैं उनकी सेवा के बाद छत्तीसगढ़ सरकार उन्हें आरक्षण देगी। ये आरक्षण पुलिस आरक्षक, वनरक्षक, जेल प्रहरी जैसे पदों पर प्राथमिकता के आधार पर मिलेगा।

अग्निवीर स्कीम के नियमों के मुताबिक 4 साल तक प्रशिक्षण और ड्यूटी करने के बाद, कार्य कुशलता के आधार पर 25% सैनिकों को सेवा में नियमित रखा जाएगा। बाकी के सैनिकों की सेवाएं खत्म कर दी जाएगी। इन्हीं युवाओं को छत्तीसगढ़ में फायदा मिलेगा। छत्तीसगढ़ के मूल निवासी युवाओं को अब सरकार आरक्षण की सुविधा दे रही है। आरक्षण कितना होगा, इसे लेकर सरकारजल्द ही एक गाइडलाइन जारी करेगी।

छत्तीसगढ़ से 870 अग्निवीर:

बताते चलें कि, भारतीय सेना ने छत्तीसगढ़ से 870 कैंडिडेट्स को सिलेक्ट किया था। यह भर्ती दिसंबर 2023 में जांजगीर-चांपा जिले में आयोजित की गई थी। सेना भर्ती कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक भर्ती प्रक्रिया में 5532 कैंडिडेट ने भाग लिया था। इसमें अग्निवीर जीडी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेड्समैन के लिए युवाओं का चयन हुआ है।

सरकार ने 2022 में लॉन्च की थी अग्निपथ स्कीम:

सरकार ने 2022 में अग्निपथ स्कीम लॉन्च की थी। इसके तहत आर्मी, नेवी और एयर फोर्स में 4 साल के लिए नौजवानों को कॉन्ट्रैक्ट पर भर्ती किया जाता है। 4 साल में छह महीने की ट्रेनिंग भी शामिल है। 4 साल बाद अग्निवीरों को उनकी कार्यक्षमता के आधार पर रेटिंग दी जाएगी। इसी मेरिट के आधार पर 25% अग्निवीरों को परमानेंट सर्विस में लिया जाएगा। बाकी लोग वापस सिविल दुनिया में आ जाएंगे। इस स्कीम में आफिसर रैंक के नीचे के सैनिकों की भर्ती होगी। यानी इनकी रैंक पर्सनल बिलो आफिसर रैंक  के तौर पर होगी। इन सैनिकों की रैंक सेना में अभी होने वाली कमीशंड आफिसर और नॉन-कमीशंड आफिसर की नियुक्ति से अलग होगी। साल में दो बार रैली के जरिए भर्ती की जाएगी। नियम और शर्तों के तहत अग्निवीर बनने के लिए 17.5 साल से 21 साल का होना जरूरी है। साथ ही कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है। 10वीं पास भर्ती होने वाले अग्निवीरों को 4 साल की सेवा पूरी करने के बाद 12वीं के समकक्ष सर्टिफिकेट दिया जाएगा।

अब तक 1 लाख अग्निवीरों की हो चुकी है भर्ती:

भारतीय सेना में अभी तक 1 लाख अग्निवीर शामिल किए जा चुके हैं। यह जानकारी एजी लेफ्टिनेंट जनरल सीबी पोनप्पा ने रविवार 21 जुलाई को दी। उन्होंने कहा कि 70 हजार अग्निवीरों की यूनिटों में पोस्टिंग हो चुकी है। इनमें करीब 200 महिलाएं भी शामिल हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि साल 2024-25 के लिए 50 हजार वैकेंसी निकाली गई हैं। इसकी प्रक्रिया जारी है।

पूर्व अग्निवीरों को सीआईएसएफ, बीएसएफ में 10% आरक्षण

अग्निवीर पर केंद्र सरकार के फैसले के 2 साल बाद सीआईएसएफ और बीएसएफ ने 11 जुलाई को पूर्व अग्निवीरों को 10% आरक्षण देने का ऐलान किया। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जल्द ही नियम लागू किए जाएंगे। बीएसएफ डीजी नितिन अग्रवाल और सीआईएसएफ डीजी नीना सिंह ने यह जानकारी दी है। दरअसल, 18 जून 2022 को गृह मंत्रालय ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया था। इसमें कहा था कि सीएपीएफ और असम राइफल्स में पूर्व अग्निवीरों को 10% आरक्षण दिया जाएगा। सीएपीएफ के अंतर्गत बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी और सीआईएसएफ आती हैं।

===


You might also like!


RAIPUR WEATHER